युद्ध के बीच LPG सप्लाई पर बड़ा फैसला! अब घर बैठे मोबाइल से करें आधार वेरिफिकेशन, जानें तरीका

मध्य पूर्व (Middle East) में जारी युद्ध के बीच ईंधन बाजार में मची उथल-पुथल को देखते हुए केंद्र सरकार ने एलपीजी (LPG) उपभोक्ताओं के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि गैस की कालाबाजारी रोकने और केवल वास्तविक ग्राहकों तक सिलेंडर पहुँचाने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन या e-KYC अब अनिवार्य है।
कालाबाजारी पर लगाम: सरकार का मानना है कि युद्ध जैसी स्थितियों में गैस की मांग बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी शुरू कर देते हैं। e-KYC के जरिए फर्जी या एक से अधिक गैस कनेक्शनों को चिह्नित कर उन्हें बंद कर दिया जाएगा। इससे सप्लाई चेन में पारदर्शिता आएगी और आम आदमी को किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कैसे करें e-KYC? मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर बताया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त और आसान है:
- ग्राहक संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप या वेबसाइट के माध्यम से e-KYC पूरा कर सकते हैं।
- इसमें ‘आधार फेस ऑथेंटिकेशन’ की सुविधा दी गई है, जिससे स्मार्टफोन के जरिए घर बैठे कुछ ही मिनटों में बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा सकता है।
होटल और रेस्तरां उद्योग में हलचल: दूसरी ओर, गैस की कम होती सप्लाई ने होटल कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। ‘होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ ईस्टर्न इंडिया’ के अध्यक्ष सुदेश पोद्दार ने कहा कि सप्लाई में अचानक कमी आई है। तेल कंपनियों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में नई सप्लाई में देरी हो सकती है। ऐसे में वर्तमान स्टॉक खत्म होने पर रेस्तरां बंद करने की नौबत आ सकती है।