धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप, क्या गिरफ्तार होंगे रणवीर? कर्नाटक हाईकोर्ट में अटकी जान

बॉलीवुड के ‘धुरंधर’ अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों एक ऐसी मुसीबत में फंस गए हैं जो उनकी जेल यात्रा की वजह बन सकती है। पिछले साल गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के दौरान दक्षिण भारतीय संस्कृति और उनके आराध्य देवों पर की गई एक टिप्पणी अब रणवीर के लिए गले की फांस बन गई है। मामला कर्नाटक हाईकोर्ट तक पहुँच चुका है और अभिनेता पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का गंभीर आरोप है।

यह पूरा विवाद नवंबर २०२५ का है, जब रणवीर सिंह ने मंच पर ‘कांतारा’ फिल्म के मशहूर ‘दैव’ या ‘भूत कोला’ की नकल की थी। उत्साह में आकर उन्होंने ऋषभ शेट्टी के सामने कह दिया था, “ऋषभ, तुम्हारी एक्टिंग लाजवाब थी, खासकर तब जब वो ‘लड़की भूत’ तुम्हारे शरीर में घुसती है!” दरअसल, कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में ‘दैव’ को कोई साधारण भूत नहीं, बल्कि एक अत्यंत पवित्र देवता माना जाता है। पवित्र देवता को ‘लड़की भूत’ कहना और जूते पहनकर उनकी नकल करना स्थानीय लोगों को नागवार गुजरा और इसे परंपरा का अपमान माना गया।

जनवरी में बेंगलुरु में रणवीर के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी। हालांकि कर्नाटक हाईकोर्ट ने उन्हें फिलहाल गिरफ्तारी से सुरक्षा दे दी है, लेकिन पुलिस जांच में सहयोग करने का सख्त आदेश भी दिया है। रणवीर ने इंस्टाग्राम पर माफी मांगी है, लेकिन नाराजगी कम नहीं हुई है। हैरानी की बात यह है कि एक तरफ रणवीर की फिल्म ‘धुरंधर’ १३०० करोड़ का बिजनेस कर रही है, वहीं दूसरी तरफ १९ मार्च को इसके दूसरे पार्ट की रिलीज से पहले कानूनी पचड़े उनका पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। अब देखना यह है कि पर्दे का यह ‘हमजा’ असल जिंदगी के इस संकट से कैसे बाहर निकलता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *