घबराने की जरूरत नहीं! केंद्र का आश्वासन—घरेलू रसोई गैस की १००% सप्लाई होगी सुनिश्चित

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और हॉर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति बाधित होने से पैदा हुए ईंधन संकट के बीच भारत सरकार ने जनता को बड़ी राहत दी है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि घरेलू रसोई गैस (LPG) की १०० प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और पैनिक बुकिंग न करें।
भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने एक अपडेट जारी करते हुए कहा है कि भू-राजनीतिक तनाव के कारण आयात में कुछ बाधाएं आई हैं, जिसे देखते हुए उपलब्ध स्टॉक का सावधानीपूर्वक वितरण किया जा रहा है। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि “घरेलू परिवार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता (Top Priority) हैं।” कमी से निपटने के लिए सरकार ने पहले ही ‘अनिवार्य वस्तु अधिनियम १९৫৫’ (Essential Commodities Act) लागू कर दिया है और रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन अधिकतम करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि ७ मार्च २०२६ से घरेलू सिलेंडर की कीमतों में ६० रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में १४४ रुपये की वृद्धि हुई है। कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई की अनिश्चितता के कारण कई रेस्टोरेंट्स ने अपने मेनू सीमित कर दिए हैं। हालांकि, सरकार और तेल कंपनियों के इस नए भरोसे के बाद उम्मीद है कि गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें कम होंगी और आम जनता को समय पर सिलेंडर मिल सकेगा।