हॉर्मुज जलडमरूमध्य में थाईलैंड के जहाज पर हमला! गुजरात के कांडला बंदरगाह आ रहा था माल

पश्चिम एशिया का युद्ध अब समुद्री व्यापारिक मार्गों के लिए काल बन गया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से ३००० टन माल लेकर गुजरात के कांडला बंदरगाह की ओर आ रहे थाईलैंड के मालवाहक जहाज ‘मयूरी नारी’ (Mayuri Nari) पर हॉर्मुज जलडमरूमध्य में हमला किया गया है। यह हमला बुधवार को ओमान के उत्तरी तट से ११ नॉटिकल मील की दूरी पर हुआ।

हमले के तुरंत बाद जहाज में भीषण आग लग गई। ओमान कोस्ट गार्ड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए २० चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया है, लेकिन ३ नाविक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। थाईलैंड की रॉयल नेवी और ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन (UKMTO) केंद्र इस हमले की जांच कर रहे हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि हमला ड्रोन से किया गया या मिसाइल से।

२৮ फरवरी को ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच शुरू हुई जंग के बाद से हॉर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव चरम पर है। ईरान ने पहले ही चेतावनी दी थी कि वह इस मार्ग से किसी भी दुश्मन जहाज को गुजरने नहीं देगा। हालांकि इस हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी ने नहीं ली है, लेकिन भारत आने वाले जहाज पर हुए इस प्रहार ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) को लेकर बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *