बंगाल में रुकी रेल की रफ्तार! ममता सरकार पर बरसीं भाजपा विधायक, लगाया असहयोग का गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल में रेल परियोजनाओं की सुस्त रफ्तार को लेकर एक बार फिर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। जलपाईगुड़ी टाउन स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान डबग्राम-फुलबाड़ी की भाजपा विधायक शिखा चटर्जी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा फंड आवंटित किए जाने के बावजूद ममता बनर्जी की सरकार के असहयोग और भूमि अधिग्रहण की समस्याओं के कारण राज्य में रेलवे फ्लाईओवर के काम ठप पड़े हैं।
विधायक शिखा चटर्जी ने कहा, “राज्य सरकार की उदासीनता के कारण कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स अटके हुए हैं। ठाकुरनगर फ्लाईओवर के लिए रेलवे ने 83 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, लेकिन राज्य सरकार की एनओसी (NOC) न मिलने के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है। यही हाल रांगापानी फ्लाईओवर का है।” उन्होंने वर्तमान प्रशासन को ‘स्पीड-ब्रेकर सरकार’ करार देते हुए कहा कि राज्य सरकार जानबूझकर जमीन और मंजूरी रोककर विकास में बाधा डाल रही है।
इस राजनीतिक विवाद के बीच, उत्तर बंगाल के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी भी आई। जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों के किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए ‘हल्दीबाड़ी-बालुरघाट एक्सप्रेस’ और ‘हल्दीबाड़ी-बामनहाट एक्सप्रेस’ का शुभारंभ किया गया। जलपाईगुड़ी के सांसद डॉ. जयंत कुमार रॉय दिल्ली से वर्चुअली इस समारोह में शामिल हुए।
कटिहार डिवीजन के एडीआरएम एके सिंह ने बताया कि इन ट्रेनों के विस्तार से हल्दीबाड़ी और जलपाईगुड़ी के लोगों को न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) और अन्य स्थानों पर जाने में काफी सुविधा होगी। विशेष रूप से क्षेत्र के सब्जी उत्पादक अब आसानी से अपने उत्पादों को बड़े बाजारों तक ले जा सकेंगे। हालांकि, उद्घाटन के इस अवसर पर भी रेलवे फ्लाईओवर प्रोजेक्ट्स को लेकर केंद्र और राज्य के बीच का टकराव साफ नजर आया, जो आगामी विधानसभा चुनावों में एक बड़ा मुद्दा बन सकता है।