ईरान-इजरायल युद्ध का रसोई पर हमला! गैस सिलेंडर की बुकिंग ठप, देश भर में मची अफरा-तफरी

ईरान और इजरायल के बीच छिड़े युद्ध के वैश्विक तनाव ने अब भारतीय रसोई के बजट और सप्लाई चेन को हिलाकर रख दिया है। हॉरम्यूज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) की नाकेबंदी और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ईंधन की किल्लत की आशंका गहरा गई है। इस बीच, पूरे देश में रसोई गैस (LPG) को लेकर मची भगदड़ ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। घबराहट में की जा रही एक्स्ट्रा बुकिंग के कारण सरकारी तेल कंपनियों के सर्वर तक बैठ गए हैं।

सिस्टम फेल, बुकिंग के लिए मचा हाहाकार: इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के ब्रांड ‘इंडेन’ के ग्राहकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ‘मनीकंट्रोल’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अचानक रिफिल बुकिंग के लिए आने वाले कॉल्स की संख्या सामान्य से ८ से १० गुना बढ़ गई है, जिससे बुकिंग सिस्टम पूरी तरह क्रैश हो गया है। लोग फोन पर बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं, जिसके कारण गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

सरकार की सख्त चेतावनी और निर्देश: ईंधन की संभावित कमी और जमाखोरी को रोकने के लिए केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों (DGP) के साथ समीक्षा बैठक की है। पेट्रोलियम मंत्रालय की अधिकारी सुजाता शर्मा ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। सरकार ने साफ किया है कि देश में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

होटल-रेस्तरां पर पाबंदी, अस्पतालों को राहत: ८ मार्च के एलपीजी नियंत्रण आदेश के तहत, रिफाइनरियों को घरेलू ग्राहकों के लिए उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। होटलों और रेस्तरां में एलपीजी की आपूर्ति पर कुछ सीमित प्रतिबंध लगाए गए हैं, हालांकि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को इन पाबंदियों से मुक्त रखा गया है। दिल्ली सरकार ने भी स्पष्ट किया है कि राजधानी में पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने जमाखोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Author
  • Author

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *