कुंभ मेले की ‘वायरल गर्ल’ ने रचाई शादी! पिता के विरोध के बीच पुलिस सुरक्षा में फरमान के साथ लिए फेरे!

साल २०२५ के प्रयागराज महाकुंभ मेले में रुद्राक्ष बेचते हुए वायरल हुई १८ वर्षीय मोनालिसा भोंसले ने एक बार फिर सबको चौंका दिया है। मोनालिसा ने अपने प्रेमी फरमान खान के साथ केरल के तिरुवनंतपुरम के पास पुवर के एक मंदिर में शादी कर ली है। पुलिस सुरक्षा के साये में हुई इस शादी ने अब एक नई बहस छेड़ दी है, क्योंकि लड़की के पिता इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे।

इंदौर की रहने वाली मोनालिसा और महाराष्ट्र के फरमान की मुलाकात ६ महीने पहले सोशल मीडिया पर हुई थी। अलग धर्म होने के कारण मोनालिसा के पिता जय सिंह भोंसले इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। हाल ही में जब मोनालिसा अपनी पहली मलयालम फिल्म ‘नागम्मा’ की शूटिंग कर रही थीं, तब उनके पिता उन्हें जबरन घर ले जाने की कोशिश करने लगे। इसके बाद मोनालिसा और फरमान ने थंपनूर पुलिस से सुरक्षा मांगी। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि बालिग होने के नाते मोनालिसा को अपना साथी चुनने का पूरा हक है।

शादी के समारोह में केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी और सीपीआई(एम) के राज्य सचिव एमवी गोविंदन जैसे दिग्गज नेता भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे। लाल साड़ी और सिंदूर में सजी मोनालिसा की तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो गई हैं। जहां कुछ लोग इसे प्यार की जीत बता रहे हैं, वहीं कई लोग इसकी तुलना ‘द केरल स्टोरी’ फिल्म से कर रहे हैं। मोनालिसा जल्द ही ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ के जरिए बॉलीवुड में भी कदम रखने वाली हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *