गैस संकट की मार! क्या बंद हो जाएगी ‘दादा बौदी बिरयानी’? कोलकाता के रेस्टोरेंट्स पर मंडराया खतरा

ईरान-इजराइल युद्ध के चलते वैश्विक ऊर्जा संकट का सीधा असर अब भारतीय रसोई और रेस्टोरेंट उद्योग पर दिखने लगा है। कोलकाता में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 939 रुपये हो गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 114.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। कीमतों में वृद्धि के साथ-साथ गैस की भारी किल्लत ने ‘दादा बौदी बिरयानी’ जैसे प्रसिद्ध ठिकानों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।
बिरयानी के शौकीनों के लिए बुरी खबर? बैरकपुर की मशहूर ‘दादा बौदी बिरयानी’ के मालिक ने बताया कि उनके तीन काउंटरों पर रोजाना 30 गैस सिलेंडरों की खपत होती है। गैस डीलरों ने सप्लाई की कमी का हवाला देते हुए हाथ खड़े कर दिए हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, “अगर यही स्थिति रही, तो अगले एक-दो दिनों में रेस्टोरेंट चलाना मुश्किल हो जाएगा।” मुंबई में पहले ही 20 फीसदी होटल बंद हो चुके हैं और अब कोलकाता के व्यापारियों की नींद उड़ी हुई है।
ममता सरकार का एक्शन प्लान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को गैस संकट पर एक उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने पुलिस को कालाबाजारी रोकने के कड़े निर्देश दिए और मुख्य सचिव को स्थिति पर नजर रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से भी सप्लाई चेन बनाए रखने की अपील की है।
बुकिंग के नए नियम किल्लत को देखते हुए केंद्र सरकार ने सिलेंडर रिफिल की समय सीमा 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी है। अब ग्राहकों को एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरे के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना होगा, ताकि जमाखोरी को रोका जा सके।