दिग्गज टेक कंपनी एटलसियन में बड़ी छंटनी! 1600 कर्मचारियों की गई नौकरी, AI पर दांव लगाने के लिए उठाया बड़ा कदम!

टेक सेक्टर से एक बार फिर बुरी खबर आ रही है। प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनी एटलसियन (Atlassian) ने अपने कुल कार्यबल के 10 प्रतिशत यानी लगभग 1,600 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। कंपनी के सह-संस्थापक माइक कैनन-ब्रूक्स ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एंटरप्राइज सेल्स में निवेश बढ़ाने के लिए लिया गया है। कंपनी का मानना है कि इस पुनर्गठन से न केवल उनकी वित्तीय स्थिति में सुधार होगा, बल्कि भविष्य की तकनीक के लिए फंड भी जुटाया जा सकेगा।
कैनन-ब्रूक्स ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच कंपनी को अपनी रणनीति बदलने की जरूरत है। सिडनी स्थित इस सॉफ्टवेयर फर्म के लिए पिछला कुछ समय काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। साल 2026 में एटलसियन के शेयरों में भारी गिरावट देखी गई है और यह अपने 2021 के उच्चतम स्तर से लगभग 84% नीचे गिर चुका है। निवेशक अब पारंपरिक सॉफ्टवेयर कंपनियों के बजाय जेनेरेटिव एआई पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। कंपनी ने बताया कि इस छंटनी की प्रक्रिया को जून के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसमें लगभग 225 मिलियन से 236 मिलियन डॉलर का खर्च आने की उम्मीद है। हालांकि कंपनी अपने ‘रोवो एआई’ (Rovo AI) जैसे उत्पादों को प्रमोट कर रही है, लेकिन एआई की इस दौड़ में मानवीय श्रम पर संकट गहरा गया है।