हैदराबाद में सड़ा हुआ मांस बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़! 300 किलो सड़ा मांस जब्त, आरोपी दुकानदार गिरफ्तार

हैदराबाद के मंगलहाट इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हुए बड़े पैमाने पर सड़ा हुआ मांस बेचा जा रहा था। 10 मार्च 2026 को पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग (GHMC) ने ‘A to Z Sheep & Goat Offals’ नामक दुकान पर छापेमारी कर करीब 3 क्विंटल सड़ा-गला मांस बरामद किया। यह दुकान इलाके में काफी लोकप्रिय थी और लोग इसे ताज़ा मांस समझकर खरीद रहे थे।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी मोहम्मद अफरोज दूसरे राज्यों से बेहद कम दाम पर खराब मांस खरीदता था। इसे लंबे समय तक फ्रीजर और प्लास्टिक के टब में रखा जाता था ताकि बदबू न आए। इसके बाद इसे ‘फ्रेश मीट’ के नाम से ग्राहकों को परोस दिया जाता था। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 125, 271 और 318(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ऐसा मांस खाना जानलेवा हो सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे मांस खरीदते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध दुकानों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।