आंध्र प्रदेश में जहरीले दूध का कहर! 13 लोगों की दर्दनाक मौत, खून में यूरिया और क्रिएटिनिन का बढ़ा स्तर देख डॉक्टर भी हैरान

आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। मिलावटी दूध पीने से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 अन्य अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। लालाचेरुवु और स्वरूपनगर इलाकों में घर-घर सप्लाई होने वाले दूध को पीते ही लोगों को उल्टी और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। डॉक्टरों की जांच में पता चला है कि मृतकों के खून में यूरिया का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया था, जो सीधे तौर पर जहर का संकेत है।
प्रशासन के मुताबिक, एक स्थानीय डेयरी फार्म से 106 परिवारों को दूध भेजा गया था, जिसे फिलहाल सील कर दिया गया है। स्थिति पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में इमरजेंसी मेडिकल कैंप लगाए हैं। मामले की तह तक जाने के लिए माइक्रोबायोलॉजिस्ट, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और नेफ्रोलॉजिस्ट की एक ‘रैपिड रिस्पांस टीम’ बनाई गई है। डेयरी से दूध, पनीर और घी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। सरकार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।