ट्रम्प का ट्रेड वॉर 2.0! भारत और चीन समेत 16 देशों पर फिर लगेगा भारी टैरिफ? अमेरिका ने शुरू की ‘सेक्शन 301’ जांच

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने वैश्विक व्यापार जगत में एक बार फिर हलचल मचा दी है। ट्रम्प प्रशासन ने भारत, चीन और बांग्लादेश सहित 16 प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ ‘अनुचित व्यापार नीतियों’ (Unfair Trade Practices) के आरोपों में नई जांच शुरू कर दी है। पिछले महीने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा पुराने टैरिफ को अवैध घोषित किए जाने के बाद, ट्रम्प ने कानूनी रूप से नए शुल्क लगाने के लिए यह रास्ता अपनाया है।
यह जांच 1974 के ट्रेड एक्ट की ‘धारा 301’ (Section 301) के तहत की जा रही है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रियर ने संकेत दिया है कि इस जांच के आधार पर भारत, चीन, यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों पर नई ड्यूटी लगाई जा सकती है। अमेरिका का फोकस उन अर्थव्यवस्थाओं पर है जिनका व्यापार अधिशेष (Trade Surplus) बहुत अधिक है। हालांकि, कनाडा को इस लिस्ट से बाहर रखा गया है।
इसके साथ ही, ‘जबरन श्रम’ (Forced Labor) से बने उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने के लिए भी एक अलग जांच शुरू की गई है, जिससे 60 से अधिक देश प्रभावित हो सकते हैं। ग्रियर ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति ट्रम्प अमेरिकी विनिर्माण को बचाने और व्यापार घाटे को कम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जांच प्रक्रिया जुलाई तक पूरी होने की उम्मीद है, जिसके बाद नए टैरिफ लागू किए जा सकते हैं।