मणिपुर से बड़ी खबर: उखरूल में अगवा किए गए 21 नागा युवक रिहा, प्रशासन और नागरिक संगठनों की बातचीत सफ

मणिपुर के उखरूल जिले में पिछले 24 घंटों से जारी तनाव के बाद गुरुवार सुबह एक राहत भरी खबर आई। बुधवार को अगवा किए गए 21 तांगखुल नागा युवकों को सुरक्षित रिहा कर दिया गया है। सरकारी अधिकारियों और नागा व कुकी-जो समुदायों के नेताओं के बीच रातभर चली बातचीत के बाद इन युवकों की रिहाई संभव हो पाई। रिहाई के बाद उन्हें लिटान पुलिस स्टेशन ले जाया गया और फिर उनके परिवारों को सौंप दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बुधवार दोपहर उखरूल-इम्फाल रोड पर शांगखाई गांव के पास इन युवकों को सशस्त्र व्यक्तियों ने अगवा कर लिया था। तांगखुल नागा लॉन्ग संगठन ने इस अपहरण के लिए कुकी उग्रवादियों को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्र और राज्य सरकार को कड़ी चेतावनी दी थी। वहीं, दूसरी ओर कुकी ग्राम अधिकारियों का आरोप था कि नागा स्वयंसेवकों ने पहले उनके किसानों पर हमला किया और घरों में आग लगा दी थी। फिलहाल युवकों की सुरक्षित वापसी से प्रशासन ने चैन की सांस ली है, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।