गैस किल्लत का असर: गुरुग्राम के बड़े स्कूल में बंद हो सकता है बच्चों का लंच! अश्नीर ग्रोवर ने शेयर किया ईमेल

देशभर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की भारी किल्लत को देखते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को मंत्रालय ने घोषणा की कि होटलों और भोजनालयों को बंद होने से बचाने के लिए बाजार में अतिरिक्त सिलेंडर जारी किए जा रहे हैं। इन सिलेंडरों के वितरण के लिए लाभार्थियों का चयन करने की जिम्मेदारी राज्य सरकारों को सौंपी गई है। साथ ही, खाना पकाने के ईंधन की कमी को पूरा करने के लिए राज्यों को 40,000 किलोलीटर अतिरिक्त केरोसिन आवंटित किया गया है।
इस संकट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुरुग्राम के प्रतिष्ठित ‘द श्री राम स्कूल’ ने गैस न होने के कारण सोमवार से बच्चों को दोपहर का खाना देने में असमर्थता जताई है। भारत-पे के पूर्व को-फाउंडर अश्नीर ग्रोवर ने स्कूल द्वारा अभिभावकों को भेजे गए ईमेल को सोशल मीडिया पर साझा किया है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण हॉर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाली सप्लाई बाधित हुई है, जिससे भारत में गैस की भारी कमी हो गई है। केंद्र सरकार अब युद्धस्तर पर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रही है।