राहुल द्रविड़ को बीसीसीआई का ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ अवॉर्ड! शुभमन गिल चुने गए ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर

भारतीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे भरोसेमंद स्तंभ और ‘द वॉल’ के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ को बीसीसीआई (BCCI) अपने सबसे प्रतिष्ठित सम्मान ‘सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट’ अवॉर्ड से नवाजने जा रहा है। आगामी १५ मार्च को मुंबई में आयोजित होने वाले बीसीसीआई के वार्षिक पुरस्कार समारोह में द्रविड़ को यह सम्मान दिया जाएगा। साथ ही, पिछले साल के शानदार प्रदर्शन के लिए युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को ‘वर्ष का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर’ चुना गया है।
राहुल द्रविड़ का क्रिकेट सफर अद्वितीय रहा है। बतौर खिलाड़ी टेस्ट में १३ हजार और वनडे में १० हजार से अधिक रन बनाने वाले द्रविड़ ने लगभग १६ वर्षों तक भारतीय मध्यक्रम को संभाला। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने बतौर कोच भारतीय क्रिकेट की अगली पौध तैयार की। ऋषभ पंत, ईशान किशन और शुभमन गिल जैसे सितारे द्रविड़ की ही देखरेख में निखरे हैं। उनकी कोचिंग में भारत ने २०१८ में अंडर-१९ वर्ल्ड कप जीता और हाल ही में मुख्य कोच के रूप में टीम इंडिया को २०२४ टी२० वर्ल्ड कप का चैंपियन बनाया। २०२३ वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक भारत का सफर भी उन्हीं के मार्गदर्शन में तय हुआ था।
गौरतलब है कि २०२५ में सचिन तेंदुलकर को यह सम्मान मिला था। अब द्रविड़ सुनील गावस्कर, कपिल देव, रवि शास्त्री और अंजुम चोपड़ा जैसे महान दिग्गजों की सूची में शामिल हो जाएंगे। एक तरफ जहां गुरु द्रविड़ को उनके जीवन भर के योगदान के लिए सराहा जाएगा, वहीं दूसरी तरफ उनके प्रिय शिष्य शुभमन गिल को बीसीसीआई की नई पीढ़ी के चेहरे के रूप में सम्मानित किया जाएगा।