काव्या मारन की सनराइजर्स का बड़ा दांव! पाकिस्तानी खिलाड़ी को करोड़ों में खरीदा, क्रिकेट जगत हैरान

क्रिकेट के गलियारों में उस वक्त हलचल मच गई जब ‘द हंड्रेड’ लीग की नीलामी में काव्या मारन की सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तानी लेग स्पिनर अबरार अहमद को अपनी टीम में शामिल किया। सनराइजर्स ने लगभग १.९० लाख पाउंड (करीब २.३४ करोड़ रुपये) की बड़ी बोली लगाकर अबरार को साइन किया है। नीलामी के दौरान ट्रेंट रॉकेट्स के साथ उनकी लंबी बिडिंग वॉर चली, लेकिन अंत में सनराइजर्स लीड्स ने बाजी मार ली।
यह साइनिंग इसलिए भी खास है क्योंकि आमतौर पर भारतीय आईपीएल मालिकों वाली टीमें विदेशी लीगों में भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों को लेने से बचती रही हैं। ऐसी खबरें भी आई थीं कि आईपीएल समर्थित फ्रेंचाइजी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से दूरी बना सकती हैं, लेकिन सनराइजर्स ने अबरार को चुनकर उन अटकलों पर विराम लगा दिया है। हालांकि आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ी प्रतिबंधित हैं, लेकिन ‘द हंड्रेड’ में ऐसी कोई पाबंदी नहीं है।
२७ वर्षीय अबरार अहमद पाकिस्तान के एक स्थापित स्पिनर हैं, जिन्होंने ४६ टेस्ट और ५२ टी-२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपनी फिरकी का जादू दिखाया है। हाल ही में हुए २०२६ टी-२० विश्व कप में भी उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए २३ रन देकर ३ विकेट झटके थे। अबरार इससे पहले पीएसएल और बीपीएल में खेल चुके हैं, लेकिन यूरोप की किसी बड़ी लीग में यह उनका पहला अनुभव होगा। अब बस पीसीबी से एनओसी मिलना बाकी है, जिसके बाद वह सनराइजर्स की जर्सी में नजर आएंगे।