अनुब्रत मंडल का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला! मुस्लिम और आदिवासी महिलाओं को ‘टारगेट’ करने का आरोप!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीरभूम के कद्दावर टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को बोलपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुब्रत मंडल और विधानसभा उपाध्यक्ष आशीष बनर्जी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर सनसनीखेज दावे किए। उनका आरोप है कि आयोग ने जानबूझकर आदिवासी और मुस्लिम समुदाय की महिलाओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए हैं।
अनुब्रत मंडल ने दस्तावेजी सबूतों के साथ बताया कि अकेले बीरभूम जिले में 11,606 वैध मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने आयोग की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा, “आदिवासी इस देश के मूल निवासी हैं, उनका नाम सूची से कैसे गायब हो सकता है? यह पूरी तरह से साजिश के तहत किया जा रहा है।” उन्होंने यह भी चौंकाने वाला खुलासा किया कि कई जीवित मतदाताओं को रिकॉर्ड में ‘मृत’ घोषित कर उनका नाम काट दिया गया है।
वर्तमान में बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर राजनीतिक घमासान जारी है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य भर में लगभग 63 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, जिसके विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी धरना दिया था। आशीष बनर्जी ने सवाल उठाया कि “बिहार और बंगाल के लिए आयोग के नियम अलग-अलग क्यों हैं?” टीएमसी ने अब हर ब्लॉक से सूची तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट (DM) को सौंपी है और चेतावनी दी है कि एक भी वैध मतदाता को उसके अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।