एलन मस्क का ‘मैक्रोहार्ड’ मचाएगा तबाही! क्या अब इंसानों की जगह रोबोट करेंगे ऑफिस का काम?

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने एक बार फिर पूरी दुनिया को चौंका दिया है। मस्क ने अपनी इलेक्ट्रिक कार कंपनी ‘टेस्ला’ और एआई स्टार्टअप ‘xAI’ के साथ मिलकर एक क्रांतिकारी प्रोजेक्ट ‘मैक्रोहार्ड’ (Macrohard) पेश किया है। मस्क इसे ‘डिजिटल ऑप्टिमस’ कह रहे हैं। उनका दावा है कि यह सिस्टम किसी भी सॉफ्टवेयर कंपनी के जटिल से जटिल काम की नकल कर सकता है और उसे स्वायत्त रूप से संचालित कर सकता है।
मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि ‘मैक्रोहार्ड’ एक ऐसा एकीकृत प्लेटफॉर्म है जहां निर्णय लेने का काम एआई मॉडल ‘ग्रोक’ (Grok) करेगा, जबकि शारीरिक या परिचालन कार्यों को टेस्ला का ह्युमनॉइड रोबोट ‘ऑप्टिमस’ संभालेगा। इसका सीधा मतलब यह है कि भविष्य में डेटा एनालिसिस, कस्टमर सर्विस और सप्लाई चेन मैनेजमेंट जैसे कार्यों के लिए इंसानों की जरूरत खत्म हो सकती है। मस्क के इस प्रोजेक्ट को ‘माइक्रोसॉफ्ट’ के नाम पर एक कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।
प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों का मानना है कि ‘मैक्रोहार्ड’ वैश्विक नौकरी बाजार में भारी उथल-पुथल ला सकता है। यह सिस्टम टेस्ला की अपनी AI4 चिप और एनवीडिया के शक्तिशाली चिप्स पर आधारित है। मस्क का लक्ष्य एक ऐसा वर्कफोर्स तैयार करना है जो बिना थके और बिना किसी गलती के वह सारा काम कर सके जो वर्तमान में हजारों सॉफ्टवेयर इंजीनियर और कॉर्पोरेट कर्मचारी मिलकर करते हैं। क्या एलन मस्क का यह ‘मैक्रोहार्ड’ तकनीक के क्षेत्र में एक नया युग लाएगा या बेरोजगारी का संकट पैदा करेगा, यह सबसे बड़ा सवाल है।