भारत में ब्लॉक हुआ लोकप्रिय यूट्यूब चैनल ‘4PM News’! राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देकर सरकार का एक्शन
प्रेस की आजादी को लेकर एक बार फिर नई बहस छिड़ गई है। केंद्र सरकार के आदेश पर मशहूर यूट्यूब चैनल ‘4PM News’ को भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। 12 मार्च से इस चैनल के भारतीय दर्शक इसे नहीं देख पा रहे हैं। चैनल के संपादक संजय शर्मा का दावा है कि सरकार ने ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ और ‘सार्वजनिक व्यवस्था’ का हवाला देते हुए इस पर प्रतिबंध लगाया है। हालांकि, विदेशों में यह चैनल अभी भी लाइव है।
संजय शर्मा के अनुसार, यूट्यूब की ओर से मिले मेल में किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया गया है। उनका मानना है कि ईरान के एक प्रोफेसर के साथ उनके हालिया इंटरव्यू के कारण यह कार्रवाई की गई है, जिसमें उन्होंने भारत की विदेश नीति पर तीखे सवाल उठाए थे। यह पहली बार नहीं है जब संजय शर्मा और उनके चैनल को निशाना बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान भी उनका चैनल बंद किया गया था और उन पर सरकारी दबाव बनाया गया था।
इतना ही नहीं, शर्मा ने एक विस्फोटक दावा करते हुए कहा कि एक सरकारी अधिकारी ने उन्हें सालाना 10 करोड़ रुपये की पेशकश की थी ताकि वे सरकार के खिलाफ खबरें छापना बंद कर दें। रिश्वत ठुकराने के बाद से ही उनका पत्रकार मान्यता कार्ड छीन लिया गया, सरकारी आवास खाली करा लिया गया और उनके अखबार के विज्ञापन बंद कर दिए गए। लगभग 85 लाख सब्सक्राइबर्स वाले इस चैनल के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को लेकर विपक्षी दल और स्वतंत्र पत्रकार अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बता रहे हैं। फिलहाल सरकार ने इस पर कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की है।