मेडिकल मिरेकल! जन्म के मात्र 40 मिनट के भीतर हुई हार्ट सर्जरी, डॉक्टरों ने नवजात को दिया नया जीवन

दिल्ली के ओखला स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने चिकित्सा विज्ञान का एक अद्भुत उदाहरण पेश किया है। एक नवजात शिशु, जिसके बचने की उम्मीद बेहद कम थी, उसे जन्म के मात्र 40 मिनट के भीतर एक जटिल हार्ट सर्जरी के जरिए नया जीवन दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, यह केस इसलिए चुनौतीपूर्ण था क्योंकि बच्चे के दिल की बीमारी का पता मां के गर्भ में ही चल गया था।

जब महिला 30 सप्ताह की गर्भवती थी, तब अल्ट्रासाउंड में भ्रूण के दिल के वॉल्व में गंभीर समस्या पाई गई थी। हृदय की मांसपेशियां कमजोर हो रही थीं और चारों ओर तरल पदार्थ जमा हो रहा था। फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टरों की एक टीम ने बच्चे के जन्म से पहले ही सर्जरी की पूरी योजना तैयार कर ली थी। 31वें हफ्ते में जैसे ही बच्चे का जन्म हुआ, उसके मात्र 15 मिनट के भीतर उसे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।

बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज अवस्थी ने बताया कि बच्चे का हार्ट वॉल्व काफी संकुचित था, जिसे ‘मिनिमली इनवेसिव’ तकनीक से ठीक किया गया। जन्म के 40 मिनट के भीतर दिल की धड़कनें सामान्य कर दी गईं। समय से पहले जन्म (प्रि-मैच्योर) और कम वजन के बावजूद, डॉक्टरों की 24 घंटे की निगरानी और सटीक इलाज से बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है। गुरुवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जो चिकित्सा जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *