हॉर्मुज संकट पर ईरान का बड़ा ऐलान: भारतीय जहाजों को मिलेगा सुरक्षित रास्ता, खत्म होगी टेंशन!

मध्य पूर्व (West Asia) में जारी भीषण संघर्ष और तनाव के बीच भारत के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर आई है। सामरिक रूप से महत्वपूर्ण हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz), जो वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति की जीवन रेखा मानी जाती है, वहां से भारतीय जहाजों के गुजरने का रास्ता ईरान ने साफ कर दिया है। भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने शुक्रवार को संकेत दिया कि भारत के साथ अपनी गहरी दोस्ती के कारण ईरान भारतीय जहाजों को ‘सुरक्षित मार्ग’ (Safe Passage) प्रदान करेगा।
पत्रकारों से बात करते हुए फथाली ने कहा, “भारत हमारा करीबी मित्र है और इसी आधार पर भारत के लिए सकारात्मक निर्णय लिया गया है। आप अगले दो-तीन घंटों में इसके परिणाम देख सकेंगे।” गौरतलब है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने के कारण भारत में रसोई गैस और कच्चे तेल की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई थी। राजदूत के इस बयान के बाद अब उम्मीद जगी है कि भारतीय बंदरगाहों पर ईंधन लेकर आ रहे टैंकरों का रास्ता खुल जाएगा, जिससे देश में मचे गैस के हाहाकार पर लगाम लगेगी।
ईरानी राजदूत ने यह भी दोहराया कि ईरान और भारत के बीच साझा क्षेत्रीय हित हैं और संकट के समय में भारत हमेशा ईरान के साथ खड़ा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान का यह कदम वैश्विक कूटनीति में भारत के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। जहां पूरी दुनिया के लिए यह जलमार्ग युद्ध के कारण असुरक्षित बना हुआ है, वहीं भारत के लिए विशेष छूट देना तेहरान और दिल्ली के बीच मजबूत होते रिश्तों की गवाही देता है।