आसमान छुएंगे हवाई किराए! आज आधी रात से इंडिगो ने बढ़ाए दाम, यात्रियों पर बढ़ा बोझ!

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के 14वें दिन भारतीय विमानन क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में भारी उछाल को देखते हुए देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने हवाई किरायों में वृद्धि कर दी है। यह नया ‘फ्यूल चार्ज’ (Fuel Charge) 14 मार्च की आधी रात से प्रभावी होगा। इंडिगो ने स्पष्ट किया है कि ईंधन की कीमतों में लगभग 85% की वृद्धि के कारण यह कदम उठाना अनिवार्य हो गया था।
नए नियमों के मुताबिक, घरेलू उड़ानों और भारतीय उपमहाद्वीप के लिए यात्रियों को 425 रुपये का अतिरिक्त फ्यूल चार्ज देना होगा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह बोझ काफी ज्यादा है। यूरोप की यात्रा के लिए 2,300 रुपये, अफ्रीका और दक्षिण-पूर्वी एशिया व चीन के लिए 1,800 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। पश्चिम एशिया जाने वाले यात्रियों पर 900 रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा।
यह फैसला इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स के इस्तीफे के ठीक बाद आया है। बता दें कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस पहले ही 10 मार्च से फ्यूल सरचार्ज लागू कर चुके हैं। ईरान द्वारा हॉर्मुज जलडমরूमध्य को बंद करने की चेतावनी के बाद वैश्विक तेल बाजार में मचे हाहाकार का सीधा असर अब आम यात्रियों की जेब पर पड़ने लगा है। अगर तनाव और बढ़ा, तो आने वाले दिनों में हवाई किरायों में और भी बढ़ोतरी की संभावना है।