कोलकाता के गिरिश पार्क में भारी बवाल: मोदी की रैली से पहले भिड़े TMC-BJP कार्यकर्ता, 4 गिरफ्तार

शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेगा जनसभा से ठीक पहले उत्तर कोलकाता का गिरिश पार्क इलाका युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया। बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस हिंसक झड़प के मामले में कोलकाता पुलिस ने अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस संघर्ष को नियंत्रित करने के दौरान 4 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

लालबाजार का सख्त रुख कोलकाता पुलिस ने इस मामले में गिरिश पार्क थाने में स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए मामला दर्ज किया है। डीसी (सेंट्रल) इंदिरा मुखर्जी के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ ‘सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाने के अधिनियम’ के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल किसी राजनीतिक दल ने औपचारिक शिकायत नहीं की है, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

कैसे शुरू हुई हिंसा? बताया जा रहा है कि चुनाव प्रचार से जुड़े कुछ पोस्टर और फ्लेक्स फाड़ने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। टीएमसी का आरोप है कि बीजेपी समर्थकों ने कैबिनेट मंत्री शशि पांजा के आवास को निशाना बनाया और पत्थर फेंके। वहीं, बीजेपी ने इसे टीएमसी की सुनियोजित साजिश बताया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *