टीएमसी की लिस्ट में बड़ा धमाका! देवांशु, परमब्रत और कुणाल घोष को मिल सकता है टिकट?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ के लिए बिगुल बजने वाला है। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) की संभावित उम्मीदवारों की सूची को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो इस बार ममता और अभिषेक बनर्जी की जोड़ी युवाओं और नए चेहरों पर बड़ा दांव लगाने की तैयारी में है।
युवा और प्रवक्ता लिस्ट में सबसे आगे: चर्चा है कि इस बार टीएमसी अपने चर्चित प्रवक्ताओं को चुनावी मैदान में उतार सकती है। इसमें कुणाल घोष, देवांशु भट्टाचार्य, अरूप चक्रवर्ती और तन्मय घोष के नाम सबसे ऊपर हैं। इसके अलावा छात्र राजनीति से जुड़े तृणांकुर भट्टाचार्य और जया दत्ता को भी टिकट मिलने की प्रबल संभावना है।
लेफ्ट से आए नेताओं को जगह: हाल ही में माकपा (CPM) छोड़ तृणमूल में शामिल हुए प्रतीकूर रहमान का नाम भी संभावितों की सूची में है। उन्होंने कहा था कि वे पद के लालच में नहीं आए हैं, लेकिन पार्टी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। ऋतब्रत बनर्जी और समीरुल इस्लाम जैसे अनुभवी चेहरों को भी विधानसभा चुनाव में मौका मिल सकता है।
टॉलीवुड और खेल जगत का तड़का: टीएमसी की लिस्ट में हमेशा की तरह फिल्मी सितारों का जलवा दिख सकता है। अभिनेता परमब्रत चटर्जी, जिन्होंने पिछले दिनों स्वरूप विश्वास के नेतृत्व की सराहना की थी, उन्हें टिकट मिल सकता है। साथ ही मशहूर गायिका इमन चक्रवर्ती और एथलीट स्वप्ना बर्मन के नाम भी चर्चा में हैं। पार्टी इस बार अनुभवी दिग्गजों के साथ युवाओं की ऊर्जा को मिलाकर ‘मिशन २०२६’ फतह करना चाहती है।