बंगाल चुनाव 2026: 22, 26 और 30 अप्रैल को हो सकती है वोटिंग! आज शाम 4 बजे आयोग करेगा खुलासा

पश्चिम बंगाल में सत्ता के महासंग्राम की तारीखों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। भारत निर्वाचन आयोग आज रविवार शाम 4 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। इस दौरान पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। हालांकि, आधिकारिक घोषणा से पहले सूत्रों से मिली जानकारी ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
क्या है संभावित चुनावी शेड्यूल? सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग इस बार बंगाल में लंबी प्रक्रिया के बजाय केवल तीन चरणों में चुनाव कराने का लक्ष्य रख रहा है। चर्चा है कि राज्य में 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 30 अप्रैल को मतदान हो सकता है। चूंकि पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है, इसलिए आयोग अप्रैल के भीतर ही मतदान प्रक्रिया पूरी करना चाहता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि 3 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जा सकते हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के हालिया कोलकाता दौरे के बाद यह साफ हो गया है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था पिछले चुनावों के मुकाबले कहीं अधिक सख्त होगी। 2021 में बंगाल में 8 चरणों में चुनाव हुए थे, लेकिन इस बार चरणों को कम कर सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही बंगाल के विभिन्न जिलों में केंद्रीय बलों का रूट मार्च शुरू हो चुका है, जो निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
आगे की प्रक्रिया: आज शाम 4 बजे जैसे ही तारीखों का ऐलान होगा, पूरे राज्य में ‘आदर्श आचार संहिता’ लागू हो जाएगी। आयोग को 7 मई तक नवनिर्वाचित विधायकों की सूची जारी करनी होगी, जिसके बाद राज्यपाल द्वारा नियुक्त प्रोटेम स्पीकर नए विधायकों को शपथ दिलाएंगे। आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं।