मोदी की हुंकार बनाम ममता का धरना! बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज होगा आधिकारिक ऐलान

पश्चिम बंगाल में सत्ता के महासंग्राम की घड़ी आ गई है। तमाम अटकलों को खारिज करते हुए चुनाव आयोग आज रविवार को ही बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करने जा रहा है। पहले चर्चा थी कि घोषणा 16 मार्च को होगी, लेकिन चुनाव आयोग के सूत्रों ने पुष्टि की है कि आज शाम 4 बजे दिल्ली में आयोजित विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंगाल सहित अन्य राज्यों के चुनावी शेड्यूल पर मुहर लग जाएगी।
कितने चरणों में होगा चुनाव? मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कोलकाता दौरे पर संकेत दिया था कि राज्य की कानून-व्यवस्था चुनाव कराने के लिए अनुकूल है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार चुनाव 1 या अधिकतम 3 चरणों में निपटाया जा सकता है। यह बंगाल के चुनावी इतिहास में एक बड़ा बदलाव होगा, जहाँ पिछले कई चुनाव लंबे चरणों में खिंचते रहे हैं।
राजनीतिक घमासान चरम पर: चुनाव के ऐलान से ठीक पहले कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिगेड मैदान से चुनावी तापमान बढ़ा दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता जाते ही तृणमूल नेताओं की जगह जेल में होगी। दूसरी ओर, ममता बनर्जी ने वोटर लिस्ट (SIR) में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए धरना दिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य का दावा है कि इस बार चुनाव केवल यह तय करेगा कि तृणमूल का विसर्जन होगा या नहीं। अब सबकी निगाहें चुनाव आयोग के उस आदेश पर हैं, जिसके बाद राज्य में ‘आदर्श आचार संहिता’ लागू हो जाएगी।