कोलकाता में कोहराम! मंत्री शशि पांजा के घर पर हमले के मामले में 9 गिरफ्तार, इलाके में CRPF का मार्च

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड रैली के दौरान कोलकाता का गिरीश पार्क इलाका जंग का मैदान बन गया। राज्य की मंत्री शशि पांजा के आवास पर हुए हमले और पथराव के मामले में पुलिस ने अब तक कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को 4 लोगों की गिरफ्तारी के बाद रविवार सुबह 5 और आरोपियों को पकड़ा गया। इस झड़प में पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हुए हैं।
क्या है मामला? तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि ब्रिगेड सभा में जा रहे बीजेपी समर्थकों ने अचानक मंत्री शशि पांजा के घर को निशाना बनाया और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए। मंत्री शशि पांजा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी बिहार और झारखंड से अपराधियों को लाकर बंगाल में लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए तृणमूल पर ही हमले का आरोप लगाया है।
पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। गिरीश पार्क थाने की पुलिस ने सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों के साथ इलाके में रूट मार्च किया ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है और रात भर चली छापेमारी के बाद गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ी है।