TMC की कैंडिडेट लिस्ट में बड़ा उलटफेर! 55 विधायकों का कटेगा पत्ता, इन नए चेहरों पर दांव खेलेंगी ममता?

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर टिकटों के बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी इस बार ‘क्लीन इमेज’ और ‘युवा जोश’ के फॉर्मूले पर काम कर रहे हैं। खबर है कि खराब प्रदर्शन और बढ़ती उम्र के आधार पर लगभग 50 से 55 मौजूदा विधायकों का टिकट काटा जा सकता है। उनकी जगह पर पार्टी के छात्र और युवा नेताओं को तरजीह दी जाएगी।
कौन होंगे नए चेहरे? पार्टी सूत्रों के अनुसार, राज्य की 294 सीटों में से टीएमसी 291 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। संभावित सूची में तृणमूल छात्र परिषद के अध्यक्ष तृणांकुर भट्टाचार्य का नाम सबसे आगे है, जिन्हें उत्तर 24 परगना से मैदान में उतारा जा सकता है। इसके अलावा देवांशु भट्टाचार्य, जया दत्त और देवराज चक्रवर्ती जैसे चर्चित युवा नेताओं को भी टिकट मिलना लगभग तय माना जा रहा है। सीपीआई(एम) से आए प्रतिकुर रहमान को भी पार्टी मौका दे सकती है।
ग्लैमर और खेल जगत का तड़का: ममता बनर्जी की लिस्ट में हमेशा से ही फिल्मी सितारों का दबदबा रहा है। इस बार अभिनेता परमब्रत चटर्जी और मशहूर गायिका इमन चक्रवर्ती के चुनाव लड़ने की प्रबल संभावना है। उत्तर बंगाल की डबग्राम-फुलबाड़ी सीट से एथलीट स्वप्ना बर्मन को टिकट दिया जा सकता है। पूर्व सांसद ऋतब्रत बनर्जी और समीरुल इस्लाम को भी विधानसभा चुनाव में आजमाया जा सकता है।
अनुशासन पर सख्त रुख: टिकट न मिलने पर संभावित असंतोष को दबाने के लिए टीएमसी ने अभी से सोशल मीडिया पर कैंपेन शुरू कर दिया है। आईटी सेल की ओर से कार्यकर्ताओं को कड़ा संदेश दिया गया है कि उम्मीदवार कोई भी हो, चेहरा सिर्फ ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी का होगा। पार्टी प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा, “घासफूल का उम्मीदवार मतलब ममता दीदी का उम्मीदवार। इसमें किसी भी तरह की गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
बीजेपी का तंज: दूसरी तरफ, भवानीपुर में फिरहाद हकीम द्वारा चुनाव प्रचार शुरू किए जाने पर दिलीप घोष ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी नंदीग्राम की तरह भवानीपुर में भी हारेंगी। घोष का दावा है कि भवानीपुर से फर्जी वोटरों के नाम हटने के बाद से टीएमसी डरी हुई है। अब देखना यह होगा कि ममता की यह नई ब्रिगेड बंगाल के रण में कितना कमाल दिखा पाती है।