चुनाव की तारीखों से ठीक पहले बंगाल पुलिस में बड़ा फेरबदल! 12 थानों के IC और 27 इंस्पेक्टरों का रातों-रात तबादला

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के औपचारिक ऐलान से महज कुछ घंटे पहले ममता सरकार ने पुलिस प्रशासन में एक बहुत बड़ा बदलाव किया है। रविवार दोपहर को राज्य पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य भर के 12 थानों के आईसी (IC) और कुल 27 इंस्पेक्टरों का तबादला कर दिया गया है। जैसे ही चुनाव आयोग दोपहर 4 बजे चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा, राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी, उससे ठीक पहले इस कदम ने सियासी पारा बढ़ा दिया है।
इन जिलों पर गिरी गाज: प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, तबादलों की इस सूची में उत्तर और दक्षिण 24 परगना, जलपाईगुड़ी, विधाननगर, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, हुगली और दक्षिण दिनाजपुर जैसे जिले शामिल हैं। इसके अलावा बैरकपुर, विधाननगर और चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के कई थानों के प्रभारियों को भी इधर से उधर किया गया है। डायमंड हार्बर पुलिस जिले में भी कई इंस्पेक्टरों को नई पोस्टिंग दी गई है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि सभी अधिकारियों को तत्काल अपने नए कार्यभार को संभालना होगा।
सियासी बयानबाजी तेज: इस अचानक हुए तबादले पर भाजपा नेता सजल घोष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के संभावित एक्शन से बचने के लिए राज्य सरकार ने यह ‘प्री-एम्प्टिव’ कदम उठाया है। घोष का कहना है कि नबन्ना ने चुनाव आयोग के नियंत्रण में जाने से पहले अपने भरोसेमंद अधिकारियों को रणनीतिक जगहों पर तैनात कर दिया है। गौरतलब है कि कुछ हफ्ते पहले भी बशीरहाट, अलीपुरद्वार और जंगीपुर के पुलिस अधीक्षकों सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया गया था। अब चुनाव की दहलीज पर इस नई फेरबदल ने बंगाल की राजनीति में खलबली मचा दी है।