क्या रद्द हो गई भारत-अमेरिका ट्रेड डील? बाजार में मची खलबली के बीच सरकार ने दिया बड़ा बयान!

ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत-अमेरिका व्यापार समझौते (India-US Trade Deal) को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। सोशल मीडिया पर यह चर्चा जोरों पर है कि दोनों देशों के बीच होने वाला द्विपक्षीय व्यापार समझौता अब अधर में लटक गया है। इस खबर के फैलते ही भारतीय शेयर बाजार में भी गिरावट देखी गई। अब इस पूरे मामले पर भारत सरकार ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
अफवाह और सरकारी स्पष्टीकरण: हाल ही में अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी ‘रॉयटर्स’ ने दावा किया था कि ईरान के साथ जारी तनाव के कारण वाशिंगटन का पूरा ध्यान फिलहाल युद्ध की ओर है, जिससे भारत के साथ होने वाली ट्रेड डील अगले कुछ महीनों के लिए टल सकती है। हालांकि, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इन खबरों को ‘पूरी तरह निराधार और भ्रामक’ करार दिया है।
सरकार ने क्या कहा? वाणिज्य मंत्रालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि:
- भारत और अमेरिका के बीच बातचीत का सिलसिला रुका नहीं है और यह लगातार जारी है।
- समझौते की प्रक्रिया वर्तमान में सक्रिय है और दोनों देश एक ठोस नतीजे पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
- डील के ठंडे बस्ते में जाने की खबरें गलत हैं और निवेशको को घबराने की जरूरत नहीं है।
विवाद की जड़ क्या है? रॉयटर्स की रिपोर्ट में कहा गया था कि टैरिफ (शुल्क) नीतियों को लेकर भारत ‘धीरे चलो’ की नीति अपना रहा है। इसके अलावा, डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा ६० देशों के खिलाफ ‘अनुचित व्यापारिक गतिविधियों’ की जांच शुरू करने से भी पेचीदगियां बढ़ी हैं। लेकिन भारत सरकार ने साफ कर दिया है कि इस तरह की जांच का द्विपक्षीय चर्चाओं पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।
सरकार के अनुसार, दोनों देशों के प्रतिनिधि नियमित अंतराल पर संपर्क में हैं और एक निष्पक्ष समझौते की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।