बंगाल में BJP का बड़ा दांव: महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये और नौकरी के लिए उम्र में 5 साल की छूट!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान होते ही भाजपा ने अपना ‘चुनावी घोषणापत्र’ संकेतों में जारी कर दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने रविवार को राज्य की जनता के लिए कई बड़े एलान किए। शमिक ने वादा किया है कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति माह की जाएगी।

युवाओं और नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए भी भाजपा ने बड़ा पिटारा खोला है। भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए शमिक ने कहा, “तृणमूल सरकार के भ्रष्टाचार के कारण जिन युवाओं का समय बर्बाद हुआ है, उन्हें भाजपा सरकार में सरकारी नौकरियों के लिए उम्र में 5 साल की विशेष छूट दी जाएगी।” साथ ही उन्होंने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग (7th Pay Commission) के अनुसार डीए देने का भी भरोसा दिलाया।

ममता बनर्जी द्वारा हाल ही में बढ़ाए गए भत्तों पर कटाक्ष करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि जनता अब इन चुनावी हथकंडों में नहीं आने वाली। उन्होंने भारी उद्योगों में निवेश लाने और एक साल के भीतर प्रवासी श्रमिकों को वापस बंगाल में रोजगार देने का रोडमैप भी पेश किया। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन लेने पर बाजार मूल्य से तीन गुना मुआवजा दिया जाएगा। दो चरणों में चुनाव कराने के आयोग के फैसले को शमिक ने निष्पक्ष चुनाव की दिशा में एक जीत बताया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *