‘बंगाल में अब होगा सत्ता परिवर्तन!’ चुनाव की तारीखें आते ही BJP ने भरी हुंकार, मंगलवार को आएगी पहली लिस्ट

चुनाव आयोग द्वारा रविवार शाम को पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के लिए चुनावी बिगुल फूंकते ही भाजपा ने अपनी जीत का दावा ठोक दिया है। भाजपा के केंद्रीय नेताओं का मानना है कि इस बार बंगाल की जनता सुशासन और विकास के लिए मतदान करेगी और राज्य में सत्ता परिवर्तन सुनिश्चित है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि मतदाता अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा को चुनेंगे।
सबसे बड़ी खबर उम्मीदवारों की पहली सूची को लेकर है। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को भाजपा 145 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान कर सकती है। इस सूची में सबसे ज्यादा नजर विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी पर होगी। सियासी गलियारों में चर्चा है कि शुभेंदु नंदीग्राम के साथ-साथ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर से भी चुनाव लड़ सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह बंगाल चुनाव की सबसे बड़ी जंग होगी।
केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि केरल के लिए भी भाजपा ने ‘उन्नत भारत, उन्नत केरल’ के नारे के साथ नई रणनीति तैयार की है। पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि बंगाल अब टीएमसी के कुशासन का जवाब देने के लिए तैयार है। आयोग द्वारा शांतिपूर्ण मतदान के आश्वासन का भाजपा ने स्वागत किया है। मंगलवार की सूची आने के बाद बंगाल का चुनावी मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।