LPG Crisis Update: ‘शिवालिक’ पहुंचा भारत, 45,000 टन गैस के साथ मुंद्रा पोर्ट पर दस्तक; सरकार ने कहा- ‘घबराएं नहीं’

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच भारत के लिए बड़ी राहत की खबर है। सोमवार शाम 5 बजे करीब 45,000 मीट्रिक टन रसोई गैस (LPG) लेकर भारतीय जहाज ‘शिवालिक’ गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पहुंच गया है। केंद्र सरकार ने देशवासियों को आश्वासन दिया है कि देश में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह से सुचारू है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में फंसे होने के बाद कूटनीतिक प्रयासों से इस जहाज को सुरक्षित भारत लाया गया है।

शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि शिवालिक के बाद एक और जहाज ‘नंदा देवी’ भी कल तक भारत पहुंच जाएगा। इन दोनों जहाजों के आने से देश में कुल 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी की आमद होगी। सरकार ने रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन 30% तक बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को कोई समस्या न हो।

सरकार ने जनता से अपील की है कि वे ‘पैनिक बुकिंग’ (अंधाधुंध बुकिंग) न करें। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम पूरी तरह काम कर रहा है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिलेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कुछ इलाकों में हो रही किल्लत केवल कालाबाजारी और जरूरत से ज्यादा बुकिंग के कारण है, जिस पर काबू पाने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *