नींबू पानी पर ‘गैस संकट’ टैक्स! बेंगलुरु के कैफे का अजीबोगरीब कारनामा, बिल देखकर ग्राहक के उड़े होश
क्या आपने कभी सुना है कि ठंडी ड्रिंक पीने के लिए आपको रसोई गैस की कमी का हर्जाना देना पड़े? बेंगलुरु के एक कैफे में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक ग्राहक ने जब वहां लेमन सोडा (नींबू पानी) पिया, तो बिल देखते ही उसके पसीने छूट गए। रेस्टोरेंट ने खाने के दाम के साथ अलग से 5% ‘गैस संकट शुल्क’ (Gas Crisis Fee) जोड़ दिया था।
क्या है पूरा मामला? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ‘थियो कैफे’ (Theo Cafe) के बिल के मुताबिक, एक व्यक्ति ने दो ग्लास पुदीना नींबू पानी ऑर्डर किया था। बिल में ड्रिंक की कीमत के बाद नीचे साफ अक्षरों में 5% अतिरिक्त चार्ज लिखा था। पूछने पर कैफे कर्मचारियों ने तर्क दिया कि वर्तमान में एलपीजी (LPG) की भारी कमी है और लागत बढ़ गई है, जिसे पूरा करने के लिए यह सरचार्ज लगाया जा रहा है।
इंटरनेट पर गुस्सा: यह घटना देखते ही देखते इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई है। लोगों का कहना है कि जिस नींबू पानी को बनाने में गैस की जरूरत ही नहीं पड़ती, उस पर गैस टैक्स लेना सरासर गलत है। नेटिजन्स ने इसे ग्राहकों को ठगने का नया तरीका बताया है। बढ़ती महंगाई के बीच रेस्टोरेंट का यह नया ‘गैस क्राइसिस चार्ज’ अब विवादों के घेरे में है।