खड़गपुर सदर से दिलीप घोष की वापसी, हिरण चटर्जी का पत्ता साफ! क्या ‘दूसरी शादी’ का विवाद पड़ा भारी?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की पहली सूची ने खड़गपुर में हलचल पैदा कर दी है। मौजूदा विधायक और अभिनेता हिरण चटर्जी को इस बार दरकिनार कर दिया गया है। बीजेपी ने अनुभवी नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को खड़गपुर सदर से अपना उम्मीदवार बनाया है। दिलीप घोष ने 2016 में इसी सीट से दिग्गज नेता ज्ञान सिंह सोहनपाल को हराकर अपनी पहचान बनाई थी।
विवादों में घिरे हिरण: सूत्रों के मुताबिक, हिरण चटर्जी की व्यक्तिगत जिंदगी में चल रहे विवादों ने उनका टिकट काट दिया। पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करने के आरोपों और पुलिस केस के चलते पार्टी ने उन पर भरोसा नहीं दिखाया। दूसरी तरफ, लोकसभा चुनाव में हार के बाद दिलीप घोष लगातार खड़गपुर में सक्रिय थे। अमित शाह से मुलाकात के बाद दिलीप के तेवर फिर से पुराने जैसे हो गए थे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या दिलीप घोष खड़গপুর की इस सीट को फिर से बीजेपी की झोली में डाल पाएंगे।