शहनाई और सारंगी के साथ फ्यूजन का तड़का! पंडित विक्रम घोष की देखरेख में ‘नाद’ फेस्टिवल का शानदार आगाज

संगीत की नगरी कोलकाता एक बार फिर विश्व स्तरीय शास्त्रीय संगीत के रंग में रंगने के लिए तैयार है। भारतीय विद्या भवन और पंडित शंकर घोष तबला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 20 से 22 मार्च तक ‘नाद’ (Naad) फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध तबला वादक विक्रम घोष की देखरेख में होने वाला यह महोत्सव जीडी बिड़ला सभागार में शाम 6 बजे से शुरू होगा।
परंपरा और आधुनिकता का संगम: महोत्सव के पहले दिन ‘फेडिंग ट्रेडिशन’ के तहत शहनाई और सारंगी जैसे लुप्त हो रहे वाद्ययंत्रों को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। वहीं, महेश राघवन आईपैड पर शास्त्रीय संगीत बजाकर दर्शकों को चौंकाएंगे। दूसरे दिन दिग्गज नृत्यांगना प्रीति पटेल और जया शील घोष भारत के विभिन्न शास्त्रीय नृत्यों की प्रस्तुति देंगी। महोत्सव के समापन पर पंडित तरुण भट्टाचार्य के संतूर और विक्रम घोष के तबले की जुगलबंदी आकर्षण का केंद्र रहेगी। यह फेस्टिवल पुराने और नए संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होने वाला है।