कोलकाता में एलपीजी का हाहाकार! ठप पड़ गई ऑटो सेवा, ईंधन के लिए हावड़ा में मची भारी लूट
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और आसपास के इलाकों में एलपीजी (LPG) की भारी कमी के कारण ऑटो सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। पिछले 10 दिनों से कोलकाता के अधिकांश पंपों पर एलपीजी टैंक खाली पड़े हैं, जिससे हजारों ऑटो चालकों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि बैरकपुर और कोलकाता के चालक ईंधन की तलाश में हावड़ा के पंपों पर उमड़ रहे हैं, जिससे वहां भी व्यवस्था बिगड़ गई है।
हावड़ा के पेट्रोल पंप कर्मचारियों का कहना है कि जहां गैस का टैंक तीन-चार दिन चलता था, वह अब बाहरी चालकों की भीड़ के कारण एक दिन में ही खत्म हो रहा है। बैरकपुर, डनलप और श्यामबाजार जैसे इलाकों से ऑटो चालक भारी मात्रा में पैसा खर्च कर हावड़ा आ रहे हैं, लेकिन यहां भी निराशा ही हाथ लग रही है। एक चालक ने बताया, “300 रुपये का तेल फूंककर हावड़ा आए थे, लेकिन यहां भी गैस खत्म है। अब घर कैसे लौटें, समझ नहीं आ रहा।”
बाहरी चालकों के आने से हावड़ा के स्थानीय ऑटो चालक आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि संकट के समय प्राथमिकता स्थानीय चालकों को मिलनी चाहिए। इस मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंपों पर हिंसक झड़पें भी देखी गई हैं। पंप मैनेजरों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण गैस आपूर्ति में बाधा आ रही है। केंद्र सरकार की ओर से आपूर्ति सामान्य करने की बात कही गई है, लेकिन धरातल पर सुधार नहीं दिख रहा है। फिलहाल, कब तक स्थिति सामान्य होगी, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, जिससे यात्रियों और चालकों दोनों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।