काबुल के अस्पताल पर पाकिस्तान का मिसाइल हमला, 400 की मौत! मलबे के नीचे दबी सैकड़ों लाशें
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी सीमा विवाद ने एक खूनी संघर्ष का रूप ले लिया है। सोमवार रात काबुल के एक बड़े रिहैब अस्पताल (नशामुक्ति केंद्र) पर पाकिस्तानी मिसाइल हमले में कम से कम 400 लोगों के मारे जाने की खबर है। तालिबान सरकार के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर इस विनाशकारी हमले की पुष्टि की।
तालिबान के अनुसार, रात करीब 9 बजे 2000 बिस्तरों वाले ‘उम्मीद’ अस्पताल को निशाना बनाया गया, जिससे अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया। मलबे में अभी भी सैकड़ों लोग दबे हुए हैं और घायलों की संख्या 250 के पार पहुंच गई है। तालिबान के मुख्य प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने इसे ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ बताते हुए कहा कि पाकिस्तान नागरिक ठिकानों को निशाना बनाकर खौफ फैला रहा है।
हालांकि, पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। इस्लामाबाद का कहना है कि उन्होंने काबुल के किसी भी अस्पताल पर हमला नहीं किया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के मुताबिक, सेना ने केवल दो क्षेत्रों में स्थित आतंकी ठिकानों और गोला-बारूद के डिपो को निशाना बनाया है। पाक पीएम के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी ने दावा किया कि जिन जगहों पर हमला किया गया, वहां से आतंकवादियों को लॉजिस्टिक और तकनीकी सहायता दी जा रही थी। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच युद्ध की स्थिति पैदा हो गई है।