कोलकाता में साल का पहला काल बैसाखी! 72 KM की रफ्तार से चली हवाएं, भारी ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त
कोलकाता ने सोमवार रात साल के पहले ‘काल बैसाखी’ (Kal Baisakhi) का सामना किया। रात करीब 9:15 बजे 72 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान और ओलावृष्टि ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। हालांकि इस तूफान से काफी नुकसान हुआ, लेकिन भीषण गर्मी से राहत मिली है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, इस बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास बने एक चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र (Cyclonic Circulation) के कारण आने वाले कुछ दिनों तक बंगाल में मौसम अस्थिर रहेगा। मंगलवार को उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया और बीरभूम सहित कई जिलों में 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 19 से 21 मार्च के बीच बारिश का जोर बढ़ेगा और शनिवार को पूरे दक्षिण बंगाल में 50-60 किमी की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में भी शनिवार तक बारिश का दौर जारी रहेगा। कोलकाता में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आज भी शाम के समय गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।