आज आएगी TMC की लिस्ट! पार्थ चटर्जी का पत्ता साफ? कुणाल घोष और ऋतब्रत को मिल सकता है मौका
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज का दिन बेहद निर्णायक साबित होने वाला है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) आज सुबह 11 बजे अपनी आधिकारिक उम्मीदवार सूची जारी कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस बार कई मौजूदा विधायकों के टिकट काट सकती है, जिसमें बेहाला पश्चिम से पार्थ चटर्जी और सोनारपुर से लवली मैत्र का नाम सबसे आगे है। वहीं, ककुणाल घोष और ऋतब्रत बनर्जी जैसे नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है।
प्रशासनिक मोर्चे पर, पश्चिम बंगाल के पूर्व गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीना को चुनाव आयोग ने तमिलनाडु का पर्यवेक्षक (Observer) नियुक्त किया है। हाल ही में आयोग ने उन्हें राज्य के गृह सचिव पद से हटाने का आदेश दिया था। दिल्ली में प्रशिक्षण के बाद अब उन्हें दक्षिण भारत के इस महत्वपूर्ण राज्य में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
बीजेपी और सीपीआईएम द्वारा अपनी पहली सूची जारी करने के बाद, ममता बनर्जी की पार्टी आज सभी 294 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर मास्टरस्ट्रोक खेलने की तैयारी में है। पार्थ चटर्जी जैसे दिग्गज नेता का नाम कटने की संभावना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। आज दोपहर तक साफ हो जाएगा कि दीदी के सिपाहियों में कौन अंदर है और कौन बाहर।