उत्तरपाड़ा से कंचन मल्लिक का पत्ता साफ! कल्याण बनर्जी के बेटे शीर्षण्य को मिला TMC का टिकट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) की लिस्ट में हुगली के उत्तरपाड़ा से बड़ी खबर आई है। साल 2021 में इस सीट से जीतने वाले अभिनेता कंचन मल्लिक को इस बार पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया है। उनकी जगह पार्टी के कद्दावर सांसद कल्याण बनर्जी के बेटे शीर्षण्य बनर्जी को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
कंचन के खिलाफ शिकायतों की झड़ी: कंचन मल्लिक को टिकट न मिलने के पीछे मुख्य कारण क्षेत्र की जनता और स्थानीय नेताओं का उनसे नाराज होना बताया जा रहा है। उन पर आरोप थे कि वे चुनाव जीतने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में बहुत कम दिखाई देते थे। इसके अलावा उत्तरपाड़ा की खराब सड़कें और जलभराव की समस्या ने भी उनकी छवि को नुकसान पहुँचाया।
टिकट कटने पर कंचन की प्रतिक्रिया: टिकट कटने के बाद कंचन मल्लिक ने कहा कि उन्हें इस बात का आभास पहले से था और वे पार्टी के फैसले का सम्मान करते हैं। उन्होंने साफ किया कि वे विधायक रहें या न रहें, लेकिन पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में ममता बनर्जी के साथ खड़े रहेंगे। अब देखना यह है कि शीर्षण्य बनर्जी, कंचन के समर्थकों और नाराज मतदाताओं को किस तरह अपने पक्ष में ला पाते हैं।