“मेरे हाथ में पाँच ही उंगलियाँ हैं”— बॉडी डबल के दावों पर इजरायली पीएम का करारा तंज, देखें वीडियो

मध्य पूर्व में चल रहे भीषण युद्ध के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मौत की खबरों ने सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा दिया था। कई षड्यंत्र सिद्धांतों (Conspiracy Theories) में दावा किया जा रहा था कि ईरानी हमले या किसी आंतरिक हमले में नेतन्याहू की जान चली गई है। लेकिन अब इजरायली प्रधानमंत्री ने खुद सामने आकर इन सभी अफवाहों की धज्जियां उड़ा दी हैं। इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी के साथ एक वीडियो साझा करते हुए नेतन्याहू ने दुनिया को संदेश दिया कि वह न केवल सुरक्षित हैं, बल्कि अपने दुश्मनों की लिस्ट भी छोटी कर रहे हैं।

वायरल वीडियो में अमेरिकी राजदूत हकाबी मज़ाक में कहते हैं, “डोनाल्ड ट्रम्प ने मुझे यह सुनिश्चित करने के लिए भेजा है कि आप ठीक हैं या नहीं।” इस पर हंसते हुए नेतन्याहू जवाब देते हैं, “हाँ माइक, मैं ज़िंदा हूँ।” नेतन्याहू ने उन दावों का भी मज़ाक उड़ाया जिनमें कहा जा रहा था कि वीडियो में दिखने वाला व्यक्ति उनका ‘बॉडी डबल’ है। उन्होंने हाथ मिलाते हुए कहा, “हम हर हाथ की पांचों उंगलियों से हाथ मिलाते हैं।” यह तंज उन लोगों के लिए था जो सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरों और वीडियो में कमियां ढूंढकर उन्हें मृत घोषित करने पर तुले थे।

हंसी-मज़ाक के तुरंत बाद नेतन्याहू ने युद्ध की स्थिति पर बात की। उन्होंने ईरान के नेतृत्व के खिलाफ इजरायली हमलों का ज़िक्र करते हुए कहा, “आज मैंने अपनी ‘पंच कार्ड’ लिस्ट से दो और नाम मिटा दिए हैं।” उनका इशारा ईरानी सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी और बासिज कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी की मौत की ओर था, जिन्हें इजरायली हमलों में मार गिराया गया है। ईरानी मीडिया ने भी इन वरिष्ठ अधिकारियों की मौत की पुष्टि कर दी है। ट्रम्प के दूत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े नेतन्याहू का यह वीडियो ईरान को यह बताने के लिए काफी है कि इजरायल और अमेरिका का गठबंधन अब और भी मजबूत हो चुका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *