विदेशी खिलाड़ियों पर मंडराया आतंकी साया! पेशावर और रावलपिंडी में अलर्ट, करोड़ों के नुकसान के डर में PCB

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) एक गंभीर संकट में फंस गया है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने इस टी20 लीग के भविष्य पर सवालिया निशान लगा दिया है। 16 मार्च को काबुल के एक अस्पताल पर हुए कथित पाकिस्तानी हवाई हमले में 400 से अधिक लोगों की जान चली गई, जिसके बाद अफगानिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है। इस युद्ध जैसी स्थिति ने 26 मार्च से शुरू होने वाले PSL को रद्द या स्थगित करने की कगार पर खड़ा कर दिया है।
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों की सुरक्षा दांव पर इस बार PSL में स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और ग्लेन मैक्सवेल जैसे बड़े ऑस्ट्रेलियाई सितारे खेलने वाले थे। लेकिन ताजा हालातों को देखते हुए ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने नागरिकों और खिलाड़ियों को पाकिस्तान यात्रा न करने की कड़ी सलाह दी है। रिपोर्ट के अनुसार, पेशावर और रावलपिंडी जैसे शहरों को ‘अत्यधिक जोखिम’ वाली श्रेणी में रखा गया है। अगर ये बड़े खिलाड़ी सुरक्षा कारणों से अपना नाम वापस लेते हैं, तो PCB को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ेगा।
आतंकी हमले का खतरा और PCB की चिंता अफगानिस्तान सरकार के कड़े रुख के बाद पाकिस्तान में मौजूद विदेशियों पर हमले का खतरा बढ़ गया है। रावलपिंडी, जहां PSL के 11 मैच होने हैं, उसे आतंकियों का संभावित निशाना बताया जा रहा है। कई खिलाड़ियों ने पहले ही आईपीएल (IPL) के लिए या सुरक्षा कारणों से अपना नाम वापस ले लिया है। ऐसे में विदेशी सितारों के बिना PSL का आयोजन करना PCB के लिए नामुमकिन जैसा होगा। अगर टूर्नामेंट रद्द होता है, तो यह पाकिस्तान की छवि और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए एक बड़ा झटका होगा।