ममता-अभिषेक के भरोसे पर उतरे दिग्गज! TMC उम्मीदवारों ने संभाला मोर्चा, दीवार लेखन के साथ चुनाव प्रचार शुरू

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवारों ने कमर कस ली है। ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी द्वारा घोषित सूची में शामिल दिग्गजों ने बुधवार सुबह से ही अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया। दमदम सीट से लगातार चौथी बार उम्मीदवार बनाए गए शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी टिकट के लिए पैरवी नहीं की, बल्कि उनके काम को देखते हुए पार्टी ने फिर से उन्हें जिम्मेदारी दी है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए ब्रात्य बसु ने कहा, “TMC की कैंडिडेट लिस्ट दिल्ली के बंद कमरों या नागपुर के मुख्यालय में तय नहीं होती। यह बंगाल की अपनी पसंद है जिसे ममता दीदी और अभिषेक ने मिलकर तैयार किया है।” उन्होंने इसे ‘विकेंद्रीकरण’ का प्रतीक बताया।

दूसरी ओर, श्यामपुकुर सीट से फिर से मैदान में उतरीं शशी पांजा ने बुधवार सुबह ही जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया। वे घर-घर जाकर लोगों से आशीर्वाद ले रही हैं। वहीं, बेलेघाटा सीट से पहली बार चुनावी मैदान में उतरे कुणाल घोष का अलग ही अंदाज देखने को मिला। उन्होंने खुद दीवार लेखन कर अपने प्रचार अभियान का आगाज किया। कुणाल ने कहा कि वे एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में जनता के बीच जा रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि ममता बनर्जी के विकास कार्यों की जीत होगी। राज्य में अब चुनावी माहौल पूरी तरह से गर्मा गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *