TMC का ‘तत्काल’ दांव: सुबह ली पार्टी की सदस्यता, शाम को मिल गया विधानसभा का टिकट! नंदीग्राम में बड़ा उलटफेर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) की उम्मीदवार सूची ने सबको हैरान कर दिया है। मंगलवार को जब ममता बनर्जी ने 291 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए, तो उसमें ‘इंस्टेंट’ राजनीति का एक नया अध्याय देखने को मिला। राज्य की लगभग एक दर्जन सीटों पर ऐसे उम्मीदवारों को उतारा गया है, जिन्होंने उसी दिन सुबह पार्टी जॉइन की थी और शाम होते-होते उनके पास विधानसभा का टिकट था।

इस लिस्ट में सबसे बड़ा धमाका नंदीग्राम सीट को लेकर हुआ है। कभी शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी रहे बीजेपी नेता पवित्र कर मंगलवार सुबह अभिषेक बनर्जी की मौजूदगी में TMC में शामिल हुए। कुछ ही घंटों बाद उन्हें नंदीग्राम जैसी हाई-प्रोफाइल सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। पवित्र कर के जरिए TMC नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी में है।

पवित्र कर के अलावा, कूचबिहार के तूफानगंज से पूर्व क्रिकेटर शिवशंकर पॉल को भी सुबह जॉइनिंग के बाद शाम को टिकट दे दिया गया। कृष्णनगर उत्तर से अभिनव भट्टाचार्य और झाड़ग्राम से मंगल सोरेन जैसे नाम भी इसी ‘तत्काल’ श्रेणी में शामिल हैं। कुल 12 ऐसे उम्मीदवार हैं जिन्होंने सुबह झंडा थामा और शाम को चुनावी मैदान में उतर गए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि TMC ने इस बार ‘सितारों’ के पीछे भागने के बजाय स्थानीय स्तर पर पकड़ रखने वाले और स्वच्छ छवि वाले लोगों पर दांव लगाया है, ताकि एंटी-इंकंबेंसी को मात दी जा सके।


Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *