शुभेंदु के बाद अब हुमायूं कबीर भी दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव! भवानीपुर में ममता के खिलाफ उतारा ‘खास’ उम्मीदवार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से ठीक पहले बागी नेता हुमायूं कबीर ने अपनी नई पार्टी ‘जनता विकास पार्टी’ (JUP) के जरिए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने घोषणा की कि वे शुभेंदु अधिकारी की तर्ज पर दो विधानसभा क्षेत्रों—रेजीनगर और नौदा से चुनाव लड़ेंगे। हुमायूं कबीर ने दावा किया है कि वे रेजीनगर से 80,000 और नौदा से 40,000 वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे।
हुमायूं कबीर की रणनीति का सबसे दिलचस्प हिस्सा भवानीपुर और नंदीग्राम की सीटें हैं। उन्होंने खुलासा किया कि भवानीपुर में ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच होने वाले कड़े मुकाबले में उनकी पार्टी एक गैर-बंगाली मुस्लिम उम्मीदवार उतारेगी। नंदीग्राम के लिए भी उम्मीदवार तय कर लिया गया है, जिसकी घोषणा रविवार को की जाएगी। उनकी पार्टी राज्य की कुल 182 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है।
गठबंधन के सवाल पर हुमायूं ने साफ किया कि वे वामपंथियों या कांग्रेस के साथ नहीं, बल्कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी (AIMIM) के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, उन्होंने बहरामपुर में अधीर रंजन चौधरी को अपना समर्थन देने और उनके लिए प्रचार करने का वादा किया है। उन्होंने राज्य के मुस्लिम मतदाताओं से अपील की है कि वे इस बार TMC को वोट न दें। हाल ही में ‘Y+’ सुरक्षा पाने वाले हुमायूं कबीर ने बेलडांगा और फरक्का में भी अपनी पार्टी की जीत का भरोसा जताया है।