संसद में ‘हंसी का तड़का’! खड़गे के मजाकिया अंदाज पर झूम उठे सांसद, मोदी बोले- राजनीति में फुलस्टॉप नहीं होता

राज्यसभा में बुधवार का दिन बहस और हंगामे के बजाय ठहाकों के नाम रहा। सदन के विदाई सत्र में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने चिरपरिचित मजाकिया अंदाज में ऐसी टिप्पणी की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। खड़गे ने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा के पाला बदलने पर चुटकी लेते हुए सदन का माहौल खुशनुमा बना दिया।

खड़गे ने देवेगौड़ा की ओर इशारा करते हुए कहा, “मैं उन्हें 54 साल से जानता हूं। उन्होंने हमारे साथ डेटिंग की, हमसे प्यार किया, लेकिन अंत में शादी प्रधानमंत्री मोदी से कर ली।” खड़गे का यह तंज जेडीएस (JDS) के बीजेपी के साथ गठबंधन की ओर था। इस ‘शादी’ वाले जुमले पर पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा और पीएम मोदी भी मुस्कुराते नजर आए।

खड़गे यहीं नहीं रुके, उन्होंने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अठावले जी ऐसी कोई कविता नहीं जानते जिसमें प्रधानमंत्री की तारीफ न हो।” प्रधानमंत्री मोदी ने भी माहौल को भांपते हुए अठावले को ‘एवरग्रीन’ बताया और कहा कि राजनीति में कभी ‘फुलस्टॉप’ नहीं होता। उन्होंने नए सांसदों से खड़गे, शरद पवार और देवेगौड़ा जैसे दिग्गजों से सीखने की अपील की। राज्यसभा की 37 सीटों पर हो रहे बदलावों के बीच, पक्ष-विपक्ष की यह जुगलबंदी लोकतंत्र की एक खूबसूरत तस्वीर पेश कर गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *