चुनाव से पहले लालबाजार अलर्ट! 5 दिग्गज अधिकारियों की स्पेशल टीम करेगी साइबर और खुफिया निगरानी

विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर कोलकाता की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए लालबाजार (कोलकाता पुलिस मुख्यालय) ने एक बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को कोलकाता के नए पुलिस कमिश्नर अजय कुमार नंद द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आईपीएस देवेंद्र प्रकाश सिंह को ‘इलेक्शन सेल’ का प्रभार सौंपा गया है। देवेंद्र प्रकाश सिंह वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (प्रथम) के पद पर तैनात हैं और उनके पास सुरक्षा प्रबंधन का लंबा अनुभव है।
इस इलेक्शन सेल को और प्रभावी बनाने के लिए 5 अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की एक विशेष टीम बनाई गई है। इसमें संतोष पांडे (अतिरिक्त पुलिस आयुक्त-4), अजय प्रसाद (संयुक्त पुलिस आयुक्त), और साइबर मामलों के विशेषज्ञ अभिषेक मोदी (उपायुक्त) शामिल हैं। साथ ही, खुफिया विभाग के विदित राज भुंदेश और अनिर्बान सरकार को भी इस टीम में जगह दी गई है। यह टीम चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों, हथियारों की तस्करी और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए जिम्मेदार होगी।
बता दें कि चुनाव आयोग द्वारा मतदान की तारीखों की घोषणा के बाद से ही बंगाल पुलिस में बड़े बदलाव देखे जा रहे हैं। सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंद को नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। अब देवेंद्र प्रकाश सिंह के नेतृत्व में यह नई टीम कोलकाता में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम करेगी। आने वाले दिनों में शहर के हर नाके और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की चौकसी और बढ़ने वाली है।