मालदा में महा-मुकाबला! सुजापुर से टीएमसी उम्मीदवार बनीं मंत्री सबीना यासमीन, क्या मौसम नूर से होगी टक्कर?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल कांग्रेस ने मालदा जिले में एक बड़ा रणनीतिक बदलाव किया है। मोथाबाड़ी से लगातार तीन बार की विधायक और राज्य की मंत्री सबीना यासमीन को इस बार उनके गृह क्षेत्र सुजापुर से उम्मीदवार बनाया गया है। सुजापुर के मौजूदा विधायक अब्दुल गनी का टिकट काटकर पार्टी ने सबीना पर भरोसा जताया है। टिकट की घोषणा के बाद सबीना ने बुधवार को सुजापुर पहुंचकर चुनाव प्रचार की रूपरेखा तैयार की।

सुजापुर को कांग्रेस का गढ़ और कोटवाली भवन (गनी खान चौधरी परिवार) का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। चर्चा है कि कांग्रेस इस सीट से मौसम नूर को मैदान में उतार सकती है, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो जाएगा। इस चुनौती पर सबीना यासमीन ने कहा, “मैं यहां की बेटी और बहू हूं। सुजापुर के लोग जानते हैं कि ममता बनर्जी ने उनके लिए क्या किया है। मेरा कोटवाली परिवार के उम्मीदवारों से लड़ने का पुराना इतिहास रहा है और मैंने उन्हें पहले भी हराया है।”

सबीना ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि राज्य की सभी 294 सीटों पर असली उम्मीदवार ममता बनर्जी ही हैं। हालांकि सुजापुर में पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को बढ़त मिली थी, लेकिन सबीना को उम्मीद है कि विकास के मुद्दे पर जनता एक बार फिर टीएमसी का साथ देगी। अब देखना यह है कि सुजापुर की इस हाई-प्रोफाइल जंग में बाजी किसके हाथ लगती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *