बंगाल चुनाव से पहले उत्तर बंगाल में बड़ा धमाका! अलग राज्य की मांग पर बिमल गुरुंग और कामतापुर गुट एक साथ

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से ठीक पहले उत्तर बंगाल की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है। अलग राज्य की पुरानी मांग को लेकर गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (GJM) के प्रमुख बिमल गुरुंग और कामतापुर स्टेट डिमांड काउंसिल ने हाथ मिला लिया है। बुधवार को अलीपुरद्वार जिले के माकरापाड़ा चाय बागान में आयोजित एक संयुक्त बैठक के दौरान इस नए गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया गया।
कामतापुर स्टेट डिमांड काउंसिल की अध्यक्ष तपति राय मल्लिक ने कहा कि दोनों संगठनों का उद्देश्य एक ही है— अलग राज्य का गठन। इसे हासिल करने के लिए ‘सेपरेट स्टेट डिमांड कमेटी’ (Separate State Demand Committee) नाम से एक साझा मंच तैयार किया जा रहा है। वहीं, बिमल गुरुंग ने हुंकार भरते हुए कहा कि तराई, डुआर्स और पूरे उत्तर बंगाल के विकास और अधिकारों की लड़ाई अब मिलकर लड़ी जाएगी।
जानकारों का मानना है कि बिमल गुरुंग और कामतापुर गुट का यह साथ आना उत्तर बंगाल की चुनावी गणित को पूरी तरह बिगाड़ सकता है। यदि यह गठबंधन चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारता है, तो बीजेपी और टीएमसी दोनों के लिए अपनी सीटें बचाना मुश्किल हो सकता है। फिलहाल, उत्तर बंगाल के इस नए समीकरण ने राज्य की राजनीति में खलबली मचा दी है।